
लातेहार: महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम अक्सी में सोमवार दोपहर को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जिला पुलिस के हवलदार संदीप टोप्पो (पिता – पतरूस टोप्पो) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का समय दोपहर करीब तीन बजे बताया जा रहा है।परिवार के सदस्यों ने बताया कि जब काफी देर तक संदीप कमरे से बाहर नहीं निकले, तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर देखा, जहां वह फांसी के फंदे से झूलते मिले। परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारकर महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, संदीप टोप्पो वर्तमान में रांची के सुखदेव नगर थाना में हवलदार के पद पर कार्यरत थे और छह नवंबर को छुट्टी पर अपने गांव अक्सी आए थे। उनके परिवार का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण ही उन्होंने यह कदम उठाया होगा।हवलदार संदीप अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजा।इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं, जबकि पत्नी और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

